सोमवार 16 नवंबर 2026 - 16:07
बहरैन में शिया धर्मगुरुओं को उम्रकैद की सजा देना धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ।मजमा-ए-उलेमा व खुत्बा हैदराबाद

हौज़ा / मजमा-ए-उलेमा व खुत्बा हैदराबाद ने बहरीन में आयतुल्लाह शेख़ ईसा कासिम सहित दर्जनों शिया धर्मगुरुओं और धार्मिक हस्तियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने बहरीन के अधिकारियों से इन सजाओं पर तत्काल पुनर्विचार करने और हिरासत में लिए गए सभी धर्मगुरुओं को रिहा करने की मांग की है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,मजमा ए उलेमा व खुतबा हैदराबाद ने अपने बयान में कहा कि धर्मगुरुओं को निशाना बनाना धार्मिक स्वतंत्रता, मानवाधिकार और न्याय के बुनियादी सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है। धार्मिक आस्था और विचारों में मतभेद के आधार पर धार्मिक हस्तियों को कड़ी सजा देना किसी भी सभ्य समाज और न्यायप्रिय व्यवस्था में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

संगठन ने कहा कि बहरैन की अदालत द्वारा आयतुल्लाह शेख ईसा कासिम सहित दर्जनों शिया धर्मगुरुओं और धार्मिक हस्तियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने की खबर बेहद दु:खद और चिंताजनक है। सामूहिक मुकदमों में धर्मगुरुओं, इमामे जुमा और धार्मिक नेताओं को कठोर सजा देना तथा उनकी धार्मिक गतिविधियों को अपराध के रूप में पेश करना न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है।

बयान में यह भी कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने इन मामलों में कथित यातना, अमानवीय व्यवहार, जबरन अपराध स्वीकार कराने, गुप्त सुनवाई और कानूनी बचाव के बुनियादी अधिकारों के उल्लंघन पर गंभीर चिंता जताई है।

मजमा-ए-उलेमा व खुतबा हैदराबाद ने बहरीन के अधिकारियों से कहा कि धर्मगुरुओं का सम्मान, धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा और नागरिकों को निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया का अधिकार देना किसी भी राज्य की बुनियादी जिम्मेदारी है। धार्मिक आस्था या विचारों में मतभेद के आधार पर किसी को प्रतिशोध का निशाना बनाना और कठोर सजाओं के जरिए डर पैदा करना समस्याओं का समाधान नहीं है, बल्कि इससे समाज में तनाव और नफरत बढ़ती है।

संगठन ने मांग की कि आयतुल्लाह शेख ईसा कासिम और अन्य सभी शिया धर्मगुरुओं को सुनाई गई सजाओं पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए, कथित अन्यायपूर्ण न्यायिक कार्रवाइयों को रोका जाए, यातना और जबरन अपराध स्वीकार कराने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा हिरासत में मौजूद सभी धर्मगुरुओं और धार्मिक हस्तियों को रिहा किया जाए।

इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों, इस्लामी जगत के उलेमा, धार्मिक केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी अपील की गई कि वे बहरैन में शिया धर्मगुरुओं के अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रभावी आवाज उठाएं और इस मामले को नजरअंदाज न करें।

बयान के अंत में संगठन ने कहा कि धर्मगुरुओं का सम्मान किसी एक संप्रदाय या वर्ग का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, मानव गरिमा और न्याय का वैश्विक मुद्दा है। संगठन ने इस कठिन समय में बहरीन के प्रभावित धर्मगुरुओं, उनके परिवारों और वहां के मोमिनों के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की तथा ईश्वर से सभी धर्मगुरुओं और मोमिनों की सुरक्षा और उन्हें अत्याचार एवं अन्याय से मुक्ति प्रदान करने की दुआ की।

जारीकर्ता: मजमा-ए-उलेमा व खुत्बा, हैदराबाद

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha